स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां शुरू: एक महिने तक लाल किले का नहीं कर सकेंगे दीदार

15 जुलाई से 15 अगस्त तक लाल किले में नहीं होगी पर्यटकों की एंट्री

नई दिल्ली| दिल्ली घूमने की योजना बना रहे पर्यटकों के लिए एक जरूरी अपडेट सामने आया है. अगर आपकी यात्रा सूची में लाल किला शामिल है, तो पहले यह खबर जरूर पढ़ लें. स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियों के चलते ऐतिहासिक लाल किले में आम लोगों की एंट्री अस्थायी रूप से रोक दी गई है. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण एएसआई ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है, जिसके तहत एक महीने तक पर्यटक इस विश्वप्रसिद्ध धरोहर का भ्रमण नहीं कर सकेंगे.

एएसआई के आदेश के मुताबिक 15 जुलाई 2026 से 15 अगस्त 2026 तक लाल किले में आम पर्यटकों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. इस दौरान टिकट बुक कराने या मौके पर पहुंचने वाले किसी भी पर्यटक को परिसर के भीतर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी. इसलिए यात्रा की योजना बनाने से पहले इस चीज का ध्यान रखें.

कानूनी प्रावधान के तहत जारी हुई अधिसूचना

पुरातत्व विभाग ने 9 जुलाई 2026 को जारी आदेश में बताया है कि यह फैसला एएमएएसआरआर, 1959 के नियम-5 के तहत लिया गया है. राष्ट्रीय महत्व के आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से यह अस्थायी प्रतिबंध लागू किया गया है.

स्वतंत्रता दिवस पर देश का मुख्य सरकारी कार्यक्रम हर साल लाल किले की प्राचीर से आयोजित होता है, जहां प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करते हैं. समारोह से पहले मंच तैयार करने, सुरक्षा उपकरण स्थापित करने, विभिन्न एजेंसियों के अभ्यास और अन्य व्यवस्थाओं के लिए पूरे परिसर को सुरक्षा बलों के नियंत्रण में दे दिया जाता है. इसी वजह से इस अवधि में पर्यटकों की एंट्री रोक दी जाती है.

स्वतंत्रता दिवस समारोह समाप्त होने के बाद लाल किले में आम लोगों की आवाजाही दोबारा शुरू कर दी जाएगी. ऐसे में यदि आप इस ऐतिहासिक धरोहर का भ्रमण करना चाहते हैं, तो 15 अगस्त के बाद की तारीख चुनना बेहतर विकल्प होगा.

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर केवल लाल किला ही नहीं, बल्कि उसके आसपास के पूरे क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सख्त रहेगी. कई स्थानों पर बैरिकेडिंग, अतिरिक्त सुरक्षा जांच और यातायात संबंधी अस्थायी प्रतिबंध लागू किए जा सकते हैं. ऐसे में राजधानी आने वाले लोगों को सलाह है कि वे यात्रा से पहले प्रशासन की ओर से जारी ताजा दिशा-निर्देशों की जानकारी जरूर लें.

Related Articles

Back to top button