
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित स्टेडियम रोड पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हल्द्वानी से सीएनजी गैस खाली कर बरेली लौट रहा एक सीएनजी ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक से सीएनजी गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति पर नियंत्रण पा लिया।अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में दो फायर यूनिट—एमडीआरवी (मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल) और फायर टेंडर—घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि सीएनजी कैप्सूल ट्रक (संख्या यूपी 25 जेटी 2728) सड़क पर पलटा हुआ था और उसके सिलेंडरों से गैस का रिसाव हो रहा था।प्रारंभिक सूचना में चालक के ट्रक के अंदर फंसे होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन मौके पर पहुंचने पर चालक सुरक्षित मिला और किसी के ट्रक में फंसे होने की पुष्टि नहीं हुई। हालांकि, ट्रक पलटने के कारण सीएनजी सिलेंडरों के वाल्व क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे गैस का रिसाव लगातार जारी था और वाल्व बंद करना संभव नहीं हो पा रहा था।संभावित खतरे को देखते हुए फायर सर्विस की टीम ने सबसे पहले आसपास की विद्युत आपूर्ति बंद कराई और सुरक्षा की दृष्टि से सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दिया। इसके बाद लगातार पानी की बौछार कर सीएनजी सिलेंडरों को ठंडा रखा गया, ताकि किसी भी प्रकार की घटना की आशंका न रहे।बाद में हाईड्रा मशीन की सहायता से पलटे हुए ट्रक को सावधानीपूर्वक सीधा किया गया और सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया। इसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया।ट्रक चालक ने अधिकारियों को बताया कि वह हल्द्वानी में सीएनजी गैस की आपूर्ति करने के बाद खाली कैप्सूल लेकर बरेली वापस लौट रहा था। इसी दौरान स्टेडियम रोड पर वाहन असंतुलित होकर पलट गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन गैस रिसाव के कारण कुछ समय तक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। पुलिस और अग्निशमन विभाग की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।



