टेबल पर नोटों की गड्डी वाली वायरल तस्वीर के बाद कानपुर देहात मेडिकल कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य निलंबित |

kanpur-dehat-medical-college-principal-suspended-after-viral-photo-of-cash

लखनऊ। कानपुर देहात स्थित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. हरप्रीत सिंह की टेबल पर ₹500 के नोटों की गड्डी दिखाई देने वाली एक वायरल तस्वीर के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री ब्रजेश पाठक ने मामले का संज्ञान लेते हुए डॉ. हरप्रीत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।

चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग के अनुसार सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित तस्वीरों के साथ मेडिकल कॉलेज में टेंडर और दवा खरीद प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं तथा कुछ लोगों को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोप सामने आए हैं। शासन को भेजी गई रिपोर्ट में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की संस्तुति की गई है।

प्रकरण को गंभीर मानते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण (डीजीएमई) को विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही डॉ. हरप्रीत सिंह के स्थान पर डॉ. अंबरीश कुमार गुप्ता को नया प्राचार्य नियुक्त किया गया है।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि ऐसी घटनाएं चिकित्सा शिक्षा विभाग की छवि को प्रभावित करती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि चिकित्सकों का प्राथमिक दायित्व मरीजों की सेवा करना है और किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है।

Related Articles

Back to top button