रामकोला (कुशीनगर)। नगर पंचायत क्षेत्र में एनएच-730 पर धर्मसमधा गांव के सामने एक पेट्रोल पंप के निकट गुरुवार को बोलेरो और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार बोलेरो रिजर्व सवारी लेकर रामकोला से पडरौना की ओर जा रही थी। इसी दौरान रामकोला की तरफ जा रहे बाइक सवारों से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में रामकोला थाना क्षेत्र के अमडरिया निवासी बाइक सवार प्रमोद चौहान (25) पुत्र गोपी चौहान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरे घायल मुर्तुजा पुत्र सलामुद्दीन (32), निवासी अमडरिया को राहगीरों की सहायता से 108 एंबुलेंस के माध्यम सेसामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामकोला पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही रामकोला पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्यवाही में जुट गई।



