ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने की तहसील स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक, दिए सख्त निर्देश

अतिक्रमण हटाने,जर्जर सड़कों व विद्युत तारों को दुरुस्त करने और जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण पर जोर

हाटा (कुशीनगर)। स्थानीय तहसील के सभागार में आज उपजिलाधिकारी /ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी की अध्यक्षता में तहसील स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गये।

बैठक को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी ने कहा कि त्योहारों की तैयारियां अंतिम समय में करने के बजाय पूर्व नियोजन के आधार पर पूरी की जाएं। सभी विभाग अपने क्षेत्र की समस्याओं,संवेदनशील स्थलों,उपलब्ध संसाधनों और प्रस्तावित कार्ययोजना के साथ बैठक में प्रतिभाग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल मौखिक आश्वासन पर्याप्त नहीं होगा,बल्कि प्रत्येक कार्य के लिए जिम्मेदार अधिकारी, निर्धारित समय-सीमा और अनुपालन रिपोर्ट सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने समयबद्ध कार्रवाई, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनविश्वास को प्रशासन की प्राथमिकता बताया।

बैठक के दौरान नगर में अतिक्रमण हटाने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने, खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने तथा जर्जर विद्युत तारों को बदलने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कायाकल्प योजना के तहत विद्यालयों के शौचालयों को दुरुस्त कराने और ग्राम सभाओं में फॉगिंग कराने पर भी जोर दिया गया। उपजिलाधिकारी/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा। बैठक में राजस्व, स्वास्थ्य, आपूर्ति, बाल विकास, गन्ना, ग्रामीण अभियंत्रण, जल निगम, नलकूप, लोक निर्माण, विद्युत एवं सिंचाई विभाग सहित नगर पंचायत, बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर तहसीलदार जया सिंह, अधिशासी अधिकारी मीनू सिंह, प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अजय सिंह, अखिलेश सिंह, श्वेता मिश्रा, उषा कुशवाहा, प्रत्युष चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button