पेपर लीक के दोषियों को नहीं छोड़ा जाएगा, NEET सफल छात्रों से मिले पंकज चौधरी

लखनऊ। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने लखनऊ स्थित निवास पर NEET-2026 परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले होनहार विद्यार्थियों और उनके परिवारजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में उन्होंने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि देश के युवा ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह और लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी भी मौजूद रहे।

पंकज चौधरी ने कहा कि युवाओं के सपनों को सुरक्षित रखना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। उनके अनुसार, देश का युवा किसी दल विशेष से नहीं जुड़ा, बल्कि पूरे राष्ट्र की धरोहर है और उसी पर भविष्य टिका है। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों की मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प ही एक सशक्त और विकसित भारत की नींव रखेंगे तथा आगे चलकर राष्ट्र-निर्माण में इनकी भूमिका अहम रहेगी।

छात्रों से बातचीत करते हुए मंत्री ने सुझाव दिया कि विद्यार्थी जीवन में हमेशा बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए, क्योंकि किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए गुरुजनों का मार्गदर्शन बेहद आवश्यक होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए संकल्पबद्ध हों और अपने माता-पिता व शिक्षकों के प्रति सम्मान का भाव सदैव बनाए रखें।

इस मुलाकात के दौरान चौधरी ने उन तमाम मुद्दों पर भी खुलकर बात की, जिन पर विपक्षी दल लगातार भ्रामक बातें फैलाने का प्रयास करते रहे हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष बनाए रखने और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। इस पर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने भी सरकार की कार्यशैली पर भरोसा जताया।

परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता के सवाल पर मंत्री ने कहा कि हर युवा का भविष्य सरकार के लिए सबसे महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि पेपर लीक मामले में लिप्त अपराधियों के खिलाफ पहले ही कठोर कार्रवाई की जा चुकी है और उन्हें अधिकतम सजा दिलाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि देश के प्रतिभाशाली युवाओं की मेहनत और उनके सपनों के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ को किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम के समापन पर पंकज चौधरी ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि ये होनहार छात्र अपने ज्ञान, समर्पण और सेवाभाव के दम पर देश एवं समाज का गौरव बढ़ाएंगे तथा विकसित भारत के सपने को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Related Articles

Back to top button