फाजिलनगर (कुशीनगर) जहां एक ओर मंदिरों में चढ़ावे को लेकर बहस छिड़ी हुई है, वहीं शिक्षा के मंदिर में कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। पावा नगर स्थित महावीर इंटर कॉलेज में टीसी और प्रवेश फॉर्म के नाम पर छात्रों से अवैध रूप से धन वसूले जाने की शिकायत मिलने पर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) श्रवण कुमार स्वयं बड़े बाबू रमेश तिवारी के साथ विद्यालय पहुंच गए।
अभिभावकों का आरोप था कि विद्यालय में टीसी के नाम पर 200 रुपये तथा प्रवेश फॉर्म के नाम पर 100 रुपये लेकर छात्रों से वसूली की जा रही है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए डीआईओएस ने विद्यालय पहुंचकर छात्रों से अलग-अलग पूछताछ की। जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों और शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई।इसके बाद डीआईओएस ने अपनी मौजूदगी में ही छात्रों से वसूली गई धनराशि वापस कराने का निर्देश दिया। लगभग तीन घंटे तक चली इस प्रक्रिया में सैकड़ों छात्रों को उनके रुपये लौटाए गए। विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में अभिभावक और छात्र मौजूद रहे।घटना के बाद क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था और विद्यालयों में शुल्क वसूली की पारदर्शिता को लेकर नई बहस छिड़ गई हैअभिभावकों ने मांग की है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र से इस प्रकार की अवैध वसूली न हो सके।



