
कुशीनगर । जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति, रोगी कल्याण समिति, जिला क्षय रोग समिति, संचारी रोग नियंत्रण समिति, जिला एड्स समन्वय समिति, फाइलेरिया उन्मूलन समिति, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं जिला आयुष कार्यकारी निकाय की बैठक में सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में हुई प्रगति की समीक्षा की । बैठक के दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध जिला अस्पताल से मरीजों को आवश्यक न होने पर भी अन्य अस्पतासलों के लिए रेफर किये जाने की प्रवृत्ति पर नाराजगी जताई और इसमें कमी लाने की हिदायत दी ।
जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सालयों में अधिक से अधिक संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किए जाएं तथा आशा कार्यकर्त्रियों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के लिए निरंतर प्रेरित किया जाए। जिलाधिकारी श्री तंवर ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा स्थानांतरित चिकित्सकों को तत्काल कार्यभार ग्रहण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एंबुलेंस सेवाओं की संख्या बढ़ाने एवं उनका रिस्पांस टाइम कम करने पर विशेष जोर दिया, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय से चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
बैठक में उन्होंने जन औषधि केंद्रों पर आवश्यक दवाओं की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने, नए आयुष आरोग्य मंदिरों की स्थापना में तेजी लाने तथा संचारी रोग नियंत्रण अभियान को व्यापक जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार के माध्यम से प्रभावी बनाने की अपेक्षा की । समीक्षा के दौरान उन्होंने फाइलेरिया उन्मूलन एवं क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रमों को मिशन मोड में संचालित करने तथा इनके प्रति जनसामान्य को जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों एवं उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार मीडिया के माध्यम से किया जाए, जिससे आमजन का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।
बैठक में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव के अलावा मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारियों ने भाग लिया ।



