प्रयागराज विकास और नवाचार का नया केंद्र, उत्तर प्रदेश देश की प्रगति का अग्रदूत | केशव प्रसाद मौर्य

प्रयागराज उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि राज्य आज विकास, सुशासन, नवाचार और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित किया है। रक्षा उत्पादन, औद्योगिक निवेश, आधारभूत संरचना, कृषि, शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

प्रयागराज में आयोजित प्रयागराज की बातविकास एवं नवाचार पर चर्चा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल से लेकर सेमीकंडक्टर निर्माण तक की परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं। जल, थल और वायु—तीनों क्षेत्रों में आधुनिक आधारभूत ढांचे का विस्तार हो रहा है, जबकि एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, डिफेंस कॉरिडोर, औद्योगिक कॉरिडोर, लॉजिस्टिक्स पार्क और डिजिटल अवसंरचना जैसी योजनाएं प्रदेश को नई आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान करने तथा किसानों को आधुनिक सुविधाओं के साथ समृद्ध बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को समान अवसर और सम्मान उपलब्ध कराना भाजपा सरकार की कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रयागराज अब केवल धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व का शहर नहीं रह गया है, बल्कि विकास, आधुनिकता और नवाचार के प्रमुख केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से शहर में धार्मिक, सांस्कृतिक और आधारभूत विकास कार्यों को नई गति मिली है। विरासत भी, विकास भी” की सोच के अनुरूप प्रयागराज में परंपरा और आधुनिक सुविधाओं का संतुलित विकास दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि महाकुंभ सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं ने प्रयागराज की वैश्विक पहचान को और सशक्त बनाया है। बेहतर सड़क संपर्क, स्मार्ट शहरी सुविधाएं, स्वच्छता, पर्यटन विकास, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और निवेश की बढ़ती संभावनाओं ने शहर को विकास के नए आयाम दिए हैं। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक जनपद को विकास और नवाचार का केंद्र बनाना है, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे।

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने युवाओं, शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों से संवाद भी किया। उन्होंने विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के निर्माण में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी पर बल देते हुए नवाचार, उद्यमिता और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से प्रदेश के विकास अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, प्रबुद्धजन, युवा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button