सेवरही। कुशीनगर सेवरही कस्बे के एक कोचिंग सेंटर में छात्रा से कथित छेड़खानी का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। शिक्षक की चप्पलों से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि आरोपी शिक्षक पढ़ाई के दौरान और बाद में छात्रा से छेड़खानी करता था। परेशान होकर छात्रा ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिजन और कुछ अन्य लोग कोचिंग सेंटर पहुंचे और वहां शिक्षक की पिटाई कर दी। इसी दौरान का वीडियो वायरल हो गया। आसपास के लोग और वहां पढ़ने वाले अधिकांश छात्र-छात्राएं इस मामले पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
इस संदर्भ में सेवरही थानाध्यक्ष मनोज वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी अमित चौबे पुत्र सिंहासन चौबे निवासी परसा डुमरिया, कुशीनगर के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 18/2026 धारा 75 बीएनएस व पॉक्सो एक्ट की धारा 9/10 सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा “पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वायरल वीडियो की भी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।”



