
सेवरही|कुशीनगर: गुरुवार देर रात सेवरही थाना गेट के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक स्विफ्ट डिजायर कार और एक पिकअप वाहन के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब सेवरही कस्बे की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर (रजिस्ट्रेशन नंबर UP 57 BL 6965) का सेवरही थाने के पास अगला टायर फट गया। टायर फटने से कार अनियंत्रित हो गई और सामने से बभनौली बाजार की तरफ से आ रही पिकअप से जा टकराई।
इस टक्कर में स्विफ्ट डिजायर में सवार ओमकार (पुत्र विजय, उम्र 19 वर्ष), मनोज (पुत्र सागर चौहान, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम ठाड़ीभार, थाना विशुनपुरा) और पुरोहित राय (पुत्र भोला राय, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम धरमपुर पर्वत, थाना तुर्कपट्टी) घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सेवरही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेवरही पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद ओमकार और मनोज को घर भेज दिया गया, लेकिन पुरोहित राय की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
सेवरही थानाध्यक्ष मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों वाहनों को थाने लाया गया है और तहरीर मिलने पर उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


