रामकोला, कुशीनगर। रामकोला थाना क्षेत्र के फुलवरिया मगरीव गांव में विषाक्त पदार्थ खाने से 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने मौत को संदिग्ध बताते हुए रामकोला थाने में तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव निवासी छेदी ने अपनी पुत्री नंदनी (26) का विवाह करीब आठ वर्ष पूर्व फुलवरिया मगरीव निवासी प्रदीप गोंड के साथ किया था। नंदनी अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई है। बताया जाता है कि सोमवार को नंदनी के पति ने मायके पक्ष को फोन कर सूचना दी कि उसकी पत्नी ने कोई विषाक्त पदार्थ खा लिया है और उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामकोला ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने नंदनी की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतका के भाई रविचंद गोंड ने बहन की मौत को संदिग्ध बताते हुए रामकोला थाने में तहरीर दी है। उनका आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से बहन के ससुराल में पारिवारिक परिस्थितियां सामान्य नहीं थीं। ऐसे में मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाना चाहिए।घटना की सूचना मिलने पर रामकोला पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है।



