मूसलाधार बारिश से वाराणसी बेहाल, जलजमाव और गड्ढों ने बढ़ाई मुश्किलें

वाराणसी ।  लगातार हो रही भारी बारिश ने वाराणसी शहर की व्यवस्था की पोल खोल दी है। जगह-जगह सीवर जाम होने और सड़कों पर जलजमाव के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है। कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव और सड़क में बने गहरे गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं।

चिईपुर क्षेत्र के बाईपास मार्ग पर जलजमाव के बीच सड़क पर बने बड़े गड्ढे में फंसकर गुरुवार को एक ऑटो रिक्शा पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को हल्की चोटें आईं, जिनका स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो पलटने के कुछ ही देर बाद उसी गड्ढे में एक बाइक सवार भी गिरकर घायल हो गया।

बारिश के चलते लंका, सुंदरपुर, गोदौलिया, लक्सा, सिगरा, पांडेयपुर, शिवपुर, सारनाथ और रामनगर समेत शहर के कई इलाकों में जलजमाव की गंभीर स्थिति बनी हुई है। सड़कों और गलियों में भरे पानी के कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उधर, नगर निगम की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में जलनिकासी के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। सीवर की सफाई और जलभराव वाले इलाकों से पानी निकालने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण स्थिति सामान्य होने में समय लग रहा है।

बारिश का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखाई दिया। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर परिसर में जलभराव होने से मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। ओपीडी तक पहुंचने के लिए लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा, जिससे उपचार कराने आए मरीजों को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश और जलनिकासी की धीमी व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button