लोधेश्वर की राह में गूंजा हर-हर महादेव, भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

केसरीपुर मोड़ पर राजन व रोहित मिश्रा ने लगाया विशाल भंडारा, केपी तिवारी ने श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद

बाराबंकी। सावन के पावन महीने में लोधेश्वर महादेव की नगरी में सोमवार को आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। बाबा लोधेश्वर महादेव के जलाभिषेक के लिए पैदल जा रहे श्रद्धालुओं के जयकारों से मार्ग गूंजता रहा। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भंडारे और सेवा शिविर लगाए गए।

केसरीपुर मोड़ पर श्री राजन मिश्रा और श्री रोहित मिश्रा (गौरी स्वीट्स) की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान केपी तिवारी भी सेवा कार्य में शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और स्वयं भी प्रसाद ग्रहण किया।

केपी तिवारी ने कहा कि सावन में बाबा लोधेश्वर महादेव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पैदल आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना सौभाग्य की बात है। भंडारा केवल भोजन वितरण का आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक एकजुटता की भावना का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में सेवा को विशेष महत्व दिया गया है। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जगह-जगह आयोजित होने वाले भंडारे इस परंपरा को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। हर-हर महादेव और जय बाबा लोधेश्वर के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। केपी तिवारी ने बाबा लोधेश्वर महादेव से क्षेत्रवासियों और सभी श्रद्धालुओं के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

Related Articles

Back to top button