हर समस्या का समाधान हमारी प्राथमिकता: ब्रजेश पाठक | जनता दर्शन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, उपमुख्यमंत्री ने सुनीं समस्याएं

अधिकारियों को फोन कर दिए त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश

लखनऊ, 12 अक्टूबर | आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को लखनऊ स्थित अपने आवास पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों से उन्होंने संवाद किया और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनता दर्शन के दौरान लोगों ने उपचार एवं आर्थिक सहायता, पुलिस कार्रवाई, राजस्व संबंधी मामलों, भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी। कई मामलों में उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर प्रकरणों की जानकारी ली और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से विचार करते हुए पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए।

Related Articles

Back to top button