फाजिलनगर (कुशीनगर) | पटहेरवा थाना क्षेत्र के बड़हरा चौराहे के पास सोमवार सड़क किनारे पानी में एक अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पानी में शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान परसौनी गांव के टोला पाण्डेयपट्टी निवासी बैरिस्टर प्रसाद (42) पुत्र जग्गू प्रसाद के रूप में हुई। रविवार शाम घर से निकले बैरिस्टर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह सवाल अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस प्रथम दृष्टया पानी में डूबने की आशंका जता रही है, जबकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह बड़हरा चौराहे के आसपास मौजूद लोगों की नजर सड़क किनारे पानी में अचेत पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। करीब जाकर देखने पर उसके मृत होने की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया और पहचान कराने की कोशिश की। बाद में उसकी पहचान बैरिस्टर प्रसाद के रूप में हुई।
परिजनों के मुताबिक, बैरिस्टर प्रसाद रविवार शाम घर से बड़हरा चौराहे के लिए निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटे तो परिवार के लोग सो गए। उनके छोटे भाई राजकोकिल ने बताया कि बैरिस्टर अक्सर देर रात घर लौटते थे, इसलिए उस रात उनके नहीं आने पर किसी अनहोनी की आशंका नहीं हुई। सोमवार सुबह उनकी मौत की सूचना मिली तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।बैरिस्टर प्रसाद के उनकी पत्नी की पहले ही बच्चे को जन्म देते समय मौत हो चुकी थी। परिवार में अब उनके वृद्ध पिता और छोटा भाई हैं। घर के एक सदस्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।इस संबंध में पटहेरवा थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। प्रथम दृष्टया पानी में डूबने से मौत होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



