गोरखपुर। स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगे गोरखपुर में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौक तक करीब ढाई किलोमीटर लंबी यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिक, स्कूली विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, जनप्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए। पूरे मार्ग पर तिरंगे लहराते रहे और ‘वंदे मातरम’ तथा ‘भारत माता की जय’ के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
यात्रा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम परिसर स्थित पार्क में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पार्चन किया। उन्होंने प्रथम स्वातंत्र्य समर में महारानी लक्ष्मीबाई के योगदान को स्मरण किया। इसके बाद मंच पर भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और अपने संबोधन में तिरंगे को केंद्र में रखते हुए लोगों से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देशभक्ति का संदेश साझा किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री टाउन हाल पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यहां से उन्होंने तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। उनके साथ सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी यात्रा में शामिल हुए। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी उत्साह के साथ कदमताल करते नजर आए। यात्रा में शामिल लगभग सभी लोगों के हाथों में राष्ट्रध्वज था।
तिरंगा यात्रा शुरू होने से काफी पहले ही नगर निगम परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स और समाज के अलग-अलग वर्गों के लोग हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे। कई लोग ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की टी-शर्ट और कैप पहने हुए थे। देशभक्ति गीतों के बीच यात्रा आगे बढ़ी तो लोगों का उत्साह भी लगातार बढ़ता गया।
नगर निगम से रेलवे स्टेशन चौक तक पूरा मार्ग तिरंगों से सजा नजर आया। सड़क के दोनों ओर मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जगह-जगह स्वागत किया। विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जयघोष के बीच पुष्पवर्षा की। मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर और मुस्कुराते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
यात्रा के अंतिम पड़ाव पर मुख्यमंत्री रेलवे स्टेशन के सामने स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक पहुंचे। उन्होंने प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर तिरंगा यात्रा का समापन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तिरंगे गुब्बारे छोड़े और सेल्फी लेकर इस अवसर को कैमरे में दर्ज किया। उन्होंने वहां मौजूद कुछ बच्चों को चॉकलेट भी दी।
16 स्थानों पर पुष्पवर्षा से स्वागत
तिरंगा यात्रा के मार्ग में 16 अलग-अलग स्थानों पर विभिन्न संगठनों ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली यात्रा का स्वागत किया। होटल शिवाय के सामने दवा विक्रेता समिति, पतंजलि स्टोर के सामने मारवाड़ी युवा मंच, कचहरी चौक पर अधिवक्ता परिषद और कृपाल वस्त्रालय के सामने सिंधी समाज ने पुष्पवर्षा की।
जलकल के सामने गोलघर व्यापार मंडल, गांधी आश्रम के सामने मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक सेवा समिति, बलदेव प्लाजा के सामने बलदेव प्लाजा व्यापार एसोसिएशन और गणेश चौक पर सिख समाज ने भी यात्रा का अभिनंदन किया। नेशनल मेडिकल स्टोर के पास अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, काली मंदिर के निकट पार्षद मनु जायसवाल, साइबर थाना के सामने पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल और पुलिस लाइन तिराहा पर सराफा मंडल ने स्वागत किया।
इसके अलावा सीओ कार्यालय के सामने अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, यातायात तिराहा पर राप्ती कॉम्प्लेक्स व्यापार एसोसिएशन, मालकिन होटल के पास चिकित्सा प्रकोष्ठ तथा वरदान होटल के सामने शिक्षक प्रकोष्ठ की ओर से भी मुख्यमंत्री और तिरंगा यात्रा का स्वागत किया गया।
आठ जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम
यात्रा को खास बनाने के लिए लोक कलाकारों और संस्कृतिकर्मियों ने आठ स्थानों पर प्रस्तुतियां दीं। होटल शिवाय के पास बंटी बाबा ग्रुप, कचहरी चौक पर सोनिका सिंह ग्रुप, जलकल के पास सुगम सिंह ग्रुप और गोलघर सेंट्रल के सामने रुचि कोरी ग्रुप ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
काली मंदिर के पास हीना कोमल शर्मा ग्रुप, पुलिस लाइन तिराहा पर प्रेम पराया ग्रुप, यातायात तिराहा पर गजेंद्र ग्रुप और वरदान होटल के पास विंध्याचल आजाद ग्रुप ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए यात्रा का अभिनंदन किया।
मोबाइल कैमरों में यात्रा को कैद करते दिखे लोग
तिरंगा यात्रा के दौरान शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सड़क किनारे खड़े लोगों ने यात्रा के दृश्यों को अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड किया। कई लोग वीडियो और रील बनाते भी नजर आए। डिवाइडर, दुकानों के बाहर और घरों की छतों से लोग तिरंगा यात्रा को देखते रहे और इस आयोजन के दृश्यों को अपने कैमरों में सहेजते रहे।



