वाराणसी। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह चेकिंग के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से आकस्मिक फायर होने से दो सुरक्षा कर्मी घायल हो गए। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को हरहुआ स्थित लक्ष्मी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जनपद निवासी करीब 55 वर्षीय कमलेश राय अपनी पत्नी सुषमा राय के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX1810 से वाराणसी से मुंबई की यात्रा करने के लिए सुबह करीब 9:30 बजे एयरपोर्ट पहुंचे थे। यात्री के ट्रैवलिंग बैग में उनकी लाइसेंसी पिस्टल भी रखी हुई थी।
एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान लाइसेंसी पिस्टल की जांच और राउंड की काउंटिंग की जा रही थी। इसी दौरान अचानक फायर हो गया। गोली के रिकोचिट होने से चेकिंग कर रही महिला सुरक्षा सहायक सुमन कुमारी के दोनों पैरों की जांघ में चोट लगी, जबकि पास मौजूद एक अन्य सुरक्षा सहायक रोहित राज के बाएं हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए।
दोनों घायल एयरपोर्ट पर AICLAS में सुरक्षा सहायक के पद पर कार्यरत हैं। घटना के तत्काल बाद दोनों को उपचार के लिए लक्ष्मी मेमोरियल अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित लोगों से जानकारी ली। फूलपुर थाना पुलिस द्वारा मामले में पूछताछ की जा रही है तथा प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



