कांवड़ियों पर बरसे फूल,हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा शाहाबाद

उच्च शिक्षा मंत्री रजनी तिवारी ने पुष्पवर्षा कर किया शिवभक्तों का स्वागत,स्वल्पाहार कराया

शाहाबाद। पांचाल घाट फर्रुखाबाद से गंगाजल लेकर छोटी काशी गोला में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए जा रहे कांवड़ियों के स्वागत में गुरुवार को नगर शिवमय नजर आया। खेड़ा तिराहे के निकट मोहल्ला खेड़ा अजमत स्थित काली माता मंदिर के पास क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश की उच्च शिक्षा मंत्री रजनी तिवारी ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूरा वातावरण हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा।

श्रीमती रजनी तिवारी ने श्रद्धालु कांवड़ियों का स्वागत करते हुए उनकी पावन यात्रा की सफलता एवं सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचने की कामना की।उन्होंने शिवभक्तों को स्वल्पाहार भी वितरित किया। दूर-दराज से पैदल गंगाजल लेकर चल रहे कांवड़ियों के बीच स्वल्पाहार वितरण से श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।

आयोजकों का किया अभिनंदन

इस अवसर पर मंत्री ने कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन में जुटे सभी आयोजकों एवं सहयोगियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है। शिवभक्तों की सेवा और उनका सम्मान करना पुण्य का कार्य है। नगर में कांवड़ियों के स्वागत को लेकर लोगों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया।

प्रशासन रहा मुस्तैद

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। एसडीएम शाहाबाद,अधिशासी अधिकारी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने कांवड़ियों के आवागमन,सुरक्षा और नगर की व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी। मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।

भाजपा पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष अनिल पांडेय,महामंत्री सुभाष सिंह, जिला पंचायत सदस्य लालाराम राजपूत,जिला संयोजक व्यापार प्रकोष्ठ नवनीत गुप्ता,पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामदास कठेरिया, सभासद राममुरारी कुशवाहा, रमाकांत मौर्य,उपाध्यक्ष विकास मौर्य,अंकित गुप्ता समेत अन्य जनप्रतिनिधि,पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांवड़ियों के स्वागत के दौरान नगरवासियों ने भी श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। पुष्पवर्षा और सेवा-सत्कार के बीच शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर रवाना होते रहे। भगवा रंग में रंगा नगर और गूंजते हर-हर महादेव के जयकारों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

Related Articles

Back to top button