लखनऊ में जेन-जी छात्र-छात्राओं और युवाओं के आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में रविवार को उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस मध्य ने प्रदर्शन किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर युवा कांग्रेस के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष दीपक शिवहरे के नेतृत्व में परिवर्तन चौक पर जुटे। इसके बाद सभी ने राजभवन की ओर मार्च शुरू किया।
बाबू केडी सिंह स्टेडियम के सामने पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान पुलिस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बसों से इको गार्डेन पहुंचाया, जहां शाम को उन्हें रिहा कर दिया गया।
राजभवन घेराव के इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव-सह प्रभारी उत्तर प्रदेश जगदीश चंद्र जांगीड़ और अब्दुल हन्नान, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी उत्तर प्रदेश और पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर जेन-जी छात्र-छात्राओं और युवाओं के साथ जिस तरह की कार्रवाई हुई, उससे देशभर के जेन-जी वर्ग में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि जननायक राहुल गांधी इन छात्रों और युवाओं की आवाज लगातार उठा रहे हैं और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से उनके मुद्दों को सामने ला रहे हैं।
गौतम ने कहा कि दिल्ली में छात्र-छात्राओं और युवाओं पर पुलिसिया कार्रवाई के लिए जिम्मेदार लोगों को तत्काल पद छोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसी मांग को लेकर लखनऊ में युवा कांग्रेस ने आंदोलन किया है और कांग्रेस छात्रों तथा युवाओं की आवाज उठाती रहेगी।
युवा कांग्रेस मध्य के अध्यक्ष दीपक शिवहरे ने कहा कि संगठन पूरी मजबूती के साथ जेन-जी छात्र-छात्राओं और युवाओं के साथ खड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली समेत कई भाजपा शासित राज्यों में प्रदर्शन कर रहे युवाओं के खिलाफ पुलिस ने बर्बर कार्रवाई की। उनके मुताबिक प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया, पैलेट गन चलाई गई और लाठियों में कील लगाए जाने के आरोप हैं। उन्होंने महिलाओं के साथ अनुचित व्यवहार और पुलिस द्वारा ए.के. 47 के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया।
शिवहरे ने इन घटनाओं के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक इस्तीफा नहीं होता, युवा कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की जिम्मेदारी बनती है, उन्हें जवाबदेही स्वीकार करनी होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जननायक राहुल गांधी जब पीड़ित छात्रों के पक्ष में एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने पर धरने पर बैठे, तो युवा कांग्रेस भी छात्रों और युवाओं के मुद्दों के लिए संघर्ष करने और जेल जाने से पीछे नहीं हटेगी।



