रसोइयों का सम्मान, कैशलेस चिकित्सा कार्ड से स्वास्थ्य सुरक्षा को मिली मजबूती

कुशीनगर। प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान एवं उन्हें कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लखनऊ में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की। कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण जिला मुख्यालय रवीन्द्र नगर धूस स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में भी किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, रसोइयों और छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री पोषण योजना के संचालन में रसोइयों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयां निरंतर जिम्मेदारी निभा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि उनके सम्मान के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाए।

इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। चिकित्सा कार्ड मिलने से रसोइयों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के समय कैशलेस उपचार की सुविधा प्राप्त होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने रसोइयों के कार्य की सराहना की और कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार की ओर से स्वास्थ्य सुरक्षा की यह पहल उनके लिए उपयोगी साबित होगी।

इस अवसर पर पड़रौना सदर विधायक मनीष जायसवाल, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राजेश्वर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कुशीनगर, बेसिक शिक्षा अधिकारी कुशीनगर, पार्टी पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के रसोइया तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button