वाराणसी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव एवं प्रयागराज जोन प्रभारी वरुण चौधरी रविवार को अपने दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर काशी पहुंचे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर नारेबाजी के बीच उनका अभिनंदन किया।
एयरपोर्ट से काशी तक विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद वरुण चौधरी ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने संत रविदास मंदिर, सीर गोवर्धनपुर पहुंचकर भी दर्शन किए। इसके बाद लंका स्थित बीएचयू के मुख्य द्वार पर छात्रों से मुलाकात कर संवाद किया।
सात जिलों के कांग्रेस नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठक
संगठनात्मक दौरे के दौरान वरुण चौधरी ने प्रयागराज जोन के अंतर्गत आने वाले मिर्जापुर, जौनपुर, सोनभद्र, गाजीपुर, चंदौली, भदोही और वाराणसी के कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। बैठकों में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला एवं महानगर अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ कांग्रेसजन शामिल हुए।
बैठकों में संगठन की मौजूदा स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति और स्थानीय मुद्दों पर कांग्रेस की गतिविधियों को लेकर चर्चा हुई। नेताओं ने जमीनी स्तर की चुनौतियों और संगठन को मजबूत करने के लिए सुझाव भी दिए।
‘संगठन की मजबूती सबसे बड़ी प्राथमिकता’
वरुण चौधरी ने कहा कि संगठन की मजबूती कांग्रेस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। प्रयागराज जोन के जिलों में संवाद का उद्देश्य संगठन की वास्तविक स्थिति को समझना और जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं से सीधे फीडबैक लेना है। कार्यकर्ताओं के सुझाव और जमीनी अनुभव संगठन की आगामी रणनीति में महत्वपूर्ण होंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि लगातार जनता के बीच रहकर उनके मुद्दों और अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और एकजुटता के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि वरुण चौधरी के काशी आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ महंगाई, बेरोजगारी, किसान, युवा, लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम में फसाहत हुसैन बाबू, राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, वकील अंसारी, अरुण सोनी, रमजान अली, मयंक चौबे, संतोष चौरसिया, ओमप्रकाश ओझा, मनीष मोरोलिया, विशाल सिंह, ऋषभ पांडेय, चंचल शर्मा, हसन मेहदी कब्बन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



