वाराणसी। श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजातालाब पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह मुठभेड़ के दौरान हत्याकांड के आरोपी पुनीत मिश्रा निवासी मऊ को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुनीत के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी के कब्जे से 315 बोर का असलहा, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान स्पलेंडर बाइक सवार एक अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पुनीत मिश्रा ने श्रेया उपाध्याय की हत्या में विवेक चौबे के साथ शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, विवेक चौबे ने हत्या में मदद करने के एवज में पुनीत को 22 लाख रुपये देने का वादा किया था।
पुलिस अब फरार आरोपी विवेक चौबे की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दे रही है। साथ ही हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और पुनीत द्वारा अन्य साथियों को दिए गए लालच की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में पूछताछ और जांच के आधार पर हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।



