धूमधाम से मनाया गया जश्ने ईद-मिलादुन्नबी

पडरौना समेत जिले के विभिन्न इलाकों में निकले शांतिपूर्ण जुलूस, जुलूसों में दिखीं मक्का - मदीना , क़ाबा आदि की खूबसूरत झांकियां

कुशीनगर। इस्लाम के पैगंबर हजरत मोहम्मद का जन्मदिन यानी  ईद-मिलादुन्नबी का त्यौहार आज पूरे जिले में  हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया । पडरौना नगर समेत जिले के सभी शहर – कस्बों से लेकर देहाती इलाकों तक में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जुलूस-ए-मोहम्मदी निकालकर खुशी का इजहार किया। जुलूसों में बच्चे, युवा, बुजुर्ग और धर्मगुरु बड़ी संख्या में शामिल रहे ।

पडरौना नगर के छावनी, जमालपुर, खिरिया टोला, चिकटोली, कसेरा टोली, पवरिया टोला, हाथीसार, राईनी मोहल्ला और साहबगंज सहित आसपास के बलोचहा, सोहरौना, मंसाछापर, जोगीछापर व नंदलाछापर क्षेत्रों में भी जुलूस निकाले गए। छावनी क्षेत्र में पेश इमामों की हिदायत पर बिना डीजे के जुलूस निकाला गया। युवाओं ने हाथों में इस्लामी परचम लेकर धार्मिक नारे लगाए। जुलूस में मक्का – मदीना आदि की खुबसूरत झांकियां सजाई गई थी ।जुलूस सुभाष चौक, कोतवाली रोड, तिलक चौक और साहबगंज होते हुए बावली चौक पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। जुलूस के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने स्टाल लगाकर ठंडे पानी, मीठे चावल व अन्य जलपान की व्यवस्था की। मुस्लिम परिवारों में मिठे पकवान बनाकर एक-दूसरे में बांटे गए। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पूरा आयोजन  अमन, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देता प्रतीत हुआ ।

इसी तरह के आयोजन जिले के कसया , हाटा , सेवरही  , तमकुहीराज , फाजिलनगर , दुदही , खड्डा , छितौनी , रामकोला , कप्तानगंज , सुकरौली , आदि नगरों – उपनगरों और देहाती इलाकों में भी इस तिहार का जश्न मनाया गया ।

Related Articles

Back to top button