नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ और विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, तीन जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, चार सितंबर को बकेवर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर दी थी कि उसकी करीब 16 वर्षीय बहन के साथ उरैंग निवासी नईम अली ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। घटना से क्षुब्ध होकर किशोरी ने टॉयलेट क्लीनर पी लिया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम को रविवार को सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित नईम अली ग्राम व्यासपुर शाला के पास कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई।

घायल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, तीन जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में बकेवर थाने में अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान नईम अली पुत्र इस्लाम अली, निवासी उरैंग, थाना बकेवर, उम्र करीब 24 वर्ष के रूप में हुई है।

 

विडिओ देखने के लिए यहा क्लिक करे

Related Articles

Back to top button