औरैया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को बिधूना पहुंचे। उन्होंने दिवंगत सपा कार्यकर्ता गौरव रघुवंशी के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। अखिलेश यादव ने कहा कि गौरव पार्टी के जिम्मेदार और सक्रिय कार्यकर्ता थे। यदि उन्हें समय पर समुचित इलाज मिल जाता तो संभव है कि आज वह हमारे बीच होते। उन्होंने कहा कि कई बार व्यस्तता के चलते लोग स्वास्थ्य परीक्षण नहीं करा पाते और गंभीर बीमारी का पता देर से चलता है।
अखिलेश यादव ने कहा कि गौरव का कम उम्र में निधन परिवार के साथ-साथ समाजवादी पार्टी के लिए भी बड़ी क्षति है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों के साथ हमेशा खड़ी रहेगी।
इसके बाद सपा मुखिया ने प्रदेश और देश के राजनीतिक हालात को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी आज आम आदमी के सामने सबसे बड़ी समस्या है। किसान खाद के लिए परेशान है, जबकि डीजल-पेट्रोल और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से लोगों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। उन्होंने सरकार के निवेश और विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास का वास्तविक लाभ तभी माना जाएगा, जब लोगों की आय बढ़े और युवाओं को रोजगार मिले।
जीडीपी के आंकड़ों को लेकर भी अखिलेश ने सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि आंकड़ों में विकास दिखाई देने के बावजूद जमीन पर बेरोजगारी और महंगाई की तस्वीर अलग है।
बिधूना की बदहाल सड़कों का मुद्दा उठाया
बिधूना क्षेत्र की विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने सड़कों की स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जहां तक फोरलेन का काम हुआ है, वहीं तक सड़क बेहतर दिखाई देती है, जबकि आगे जगह-जगह गड्ढे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जरूरत के समय एंबुलेंस न मिलना और अस्पताल पहुंचने के बाद समुचित उपचार न होना गंभीर चिंता का विषय है।
कानून व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा
प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में अंतर दिखाई देता है। उन्होंने महिलाओं के साथ होने वाली आपराधिक घटनाओं का हवाला देते हुए सरकार से कानून व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की।
सहारनपुर की घटना पर बोले- संविधान और कानून से चलता है देश
सहारनपुर की घटना का जिक्र करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता और आपसी भाईचारे में है। सभी धर्मों और उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने मस्जिद गिराए जाने की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को न्याय पाने के लिए अदालत जाने का अधिकार है। उनके मुताबिक किसी भी कार्रवाई में कानूनी प्रक्रिया और लोगों के अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए।
विकास परियोजनाओं में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप
अखिलेश यादव ने एक्सप्रेसवे समेत विभिन्न विकास परियोजनाओं में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए सरकार से खर्च और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का हिसाब जनता के सामने रखने की मांग की। उन्होंने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे समेत अन्य परियोजनाओं का जिक्र किया।
सपा मुखिया ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार और बड़े निवेश के वादे कर रही है, लेकिन पर्याप्त नौकरियां धरातल पर दिखाई नहीं दे रही हैं। उन्होंने दावा किया कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और कानून व्यवस्था को लेकर जनता में नाराजगी है और आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को उठाने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।



