कुशीनगर । पडरौना नगर में कल आयोजित होने वाले डोल मेले को देखते हुए पड़रौना नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री विनय जायसवाल ने नगर पालिका कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, यातायात, जल निकासी एवं अन्य जनसुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। नगर पालिका अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि डोल मेले के दौरान नगर पालिका परिषद पडरौना द्वारा श्रद्धालुओं एवं मेले में आने वाले लोगों के लिए निःशुल्क चाय, बिस्कुट एवं पेयजल की व्यवस्था भी कराई जाती है। इस व्यवस्था को भी बेहतर ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए, ताकि मेले में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। नगर पालिका अध्यक्ष श्री जायसवाल ने कहा कि डोल मेला पडरौना की गौरवशाली परंपरा और आस्था से जुड़ा आयोजन है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता एवं बेहतर व्यवस्थाएं नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। मेले को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें। इस बैठक में निर्माण विभाग से राम बहादुर राजकुमार यादव बालकृष्ण शर्मा बिजली विभाग से महेंद्र सिंह प्रमोद मद्धेशिया अभिषेक सिंह सफाई विभाग से अनिल मौर्य घनश्याम यादव बबलू मोदनवाल अरुण सिंह जलकल विभाग से जेई पवन गौड़ मनोज सिंह अशोक गुप्ता सहित विपिन जायसवाल अभिषेक चौधरी जसवंत राहुल गुप्ता सहित सभी कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित रहे ।



