वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैगों में मिली अंग्रेजी शराब, जीआरपी ने की बरामदगी

प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर चेकिंग के दौरान मिले दो बैग; 750 एमएल की आठ और 375 एमएल की 21 बोतलें बरामद, अज्ञात तस्करों की तलाश

वाराणसी। रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान जीआरपी की टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर-2 के काशी साइड स्थित नेम पट्टिका के पास से दो लावारिस बैग बरामद किए। बैगों की जांच करने पर उनमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की बोतलें मिलीं। कार्रवाई रविवार, 20 सितंबर को चेकिंग अभियान के दौरान की गई।

पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान दोनों बैग संदिग्ध हालत में पड़े मिले। आसपास मौजूद यात्रियों से बैग के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन कोई भी व्यक्ति उनका दावेदार नहीं मिला। इसके बाद जीआरपी टीम दोनों बैगों को थाने ले आई। तलाशी लेने पर बैगों से 750 एमएल की आठ और 375 एमएल की 21 बोतलें बरामद हुईं।

जीआरपी के अनुसार, शराब को तस्करी के लिए ले जाए जाने की आशंका है। प्राथमिक तौर पर संभावना जताई जा रही है कि तस्कर शराब को बिहार ले जाने की तैयारी में थे। चेकिंग टीम की गतिविधि देखकर तस्कर बैग छोड़कर फरार हो गए होंगे।

जीआरपी ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर अज्ञात तस्करों की तलाश शुरू कर दी है। स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बैग छोड़ने वाले व्यक्तियों की पहचान की जा सके। पुलिस अन्य स्रोतों से भी मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button