खड्डा (कुशीनगर)। खड्डा तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा मदनपुर सुकरौली में सोमवार की देर रात एक ऊंट की मौत के बाद उसके मालिक मौके से फरार हो गए। सुबह मृत ऊंट मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर तहसील प्रशासन और ग्राम पंचायत की पहल पर ग्रामीणों के सहयोग से मृत ऊंट का अंतिम संस्कार कराया गया।
बताया जाता है कि दो अज्ञात लोग ऊंट के साथ फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार देर रात उन्होंने शिव मंदिर के पास ऊंट को बांध दिया और वहीं सो गए। इसी दौरान अचानक ऊंट की मौत हो गई। ऊंट की मौत की जानकारी होने के बाद दोनों लोग मौके से फरार हो गए। वे अपना गैस सिलेंडर, बर्तन, बिस्तर और अन्य जरूरी सामान भी वहीं छोड़ गए। मंगलवार सुबह ग्रामीणों की नजर मृत ऊंट पर पड़ी तो मौके पर भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिस बेजुबान जानवर के सहारे उनकी रोजी-रोटी चलती थी, उसकी मौत के बाद उसे इस तरह छोड़कर चले जाना बेहद अमानवीय है। सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन और ग्राम पंचायत के जिम्मेदार मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से मृत ऊंट का अंतिम संस्कार कराया गया। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।



