
पाकिस्तान ने लाहौर में बढ़ते वायु प्रदूषण के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया है। पाकिस्तान की पंजाब सरकार की मंत्री मरियम औरंगजेब ने आरोप लगाया है कि भारत में दिवाली के दौरान बड़े पैमाने पर हुई आतिशबाजी के कारण प्रदूषित हवा सीमा पार कर लाहौर पहुंची, जिससे वहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) का स्तर बढ़ गया।
मरियम औरंगजेब ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि 8 नवंबर को लाहौर में वायु प्रदूषण का स्तर सीमा पार दिवाली के दौरान हुई आतिशबाजी की वजह से बढ़ा था।
इन भारतीय शहरों से प्रदूषित हवा पहुंचने का दावा
पाकिस्तान की मंत्री ने दावा किया कि भारत के पूर्वी हिस्से से आने वाली प्रदूषित हवा बठिंडा, जालंधर, फिरोजपुर, लुधियाना, खेमकरण, अमृतसर, फाजिल्का और तरनतारन जैसे शहरों से होते हुए लाहौर पहुंची। उनके मुताबिक, इसी वजह से शहर का AQI बढ़ गया।
स्थानीय प्रदूषण पर नियंत्रण का भी दावा
मरियम औरंगजेब ने पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज शरीफ की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और दूरदर्शिता के कारण प्रदूषण के स्थानीय स्रोतों पर सख्ती से नियंत्रण किया गया है। उन्होंने दावा किया कि हवा का रुख बदलने के साथ ही लाहौर के AQI में सुधार हो रहा है।
पाकिस्तान सरकार के इस बयान के बाद दिवाली के दौरान होने वाले प्रदूषण और सीमा पार हवा की आवाजाही को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, मंत्री की ओर से लगाए गए आरोपों को उनके दावे के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।



