
इटावा । उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल के बीच महिला आयोग की उपाध्यक्ष एवं सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू अपर्णा यादव बुधवार को सैफई पहुंचीं। उन्होंने अपने कुल देवी-देवताओं के मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया और आशीर्वाद लिया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को अहम और निर्णायक बताया।
मैनपुरी कार्यक्रम के बाद पहुंचीं सैफई
अपर्णा यादव ने बताया कि वह मैनपुरी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के एक कार्यक्रम के सिलसिले में आई थीं। इसी दौरान उन्होंने सैफई स्थित अपने कुल देवी-देवताओं के मंदिर में दर्शन करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और संस्कृति में व्यक्ति के लिए अपने कुल देवी-देवताओं के दर्शन और आशीर्वाद लेना महत्वपूर्ण माना जाता है।
‘2027 का चुनाव अहम और निर्णायक होगा’
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर अपर्णा यादव ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव बहुत अहम और निर्णायक होगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश को देश की राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य बताते हुए कहा कि यहां सत्ता में आने वाली सरकार का देश की राजनीति पर भी प्रभाव पड़ता है।
चुनाव लड़ने की तैयारी पर बोलीं- बिल्कुल है
जब अपर्णा यादव से चुनाव लड़ने की तैयारी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि तैयारी बिल्कुल है। हालांकि, किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी जहां से तय करेगी, वहीं से चुनाव लड़ेंगी।
चुनाव आयोग पर सवालों को लेकर भी दिया जवाब
विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग पर लगातार सवाल उठाए जाने के संबंध में अपर्णा यादव ने कहा कि चुनावी वर्ष में इस तरह के आरोप-प्रत्यारोप होते रहते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि पहले भी इस तरह के घटनाक्रम सामने आते रहे हैं। उन्होंने लोगों से राष्ट्र को आगे बढ़ाने के लिए अपने-अपने कार्य बेहतर तरीके से करने और परिवार का ध्यान रखने की अपील की।
सपा के राज्यसभा उम्मीदवार पर बोलीं- पार्टी का फैसला
समाजवादी पार्टी की ओर से राज्यसभा चुनाव के लिए घोषित दो नामों में उद्योग जगत से जुड़े व्यक्ति के नाम को लेकर पूछे गए सवाल पर अपर्णा यादव ने कहा कि यह उनकी पार्टी का निर्णय है।
अपर्णा यादव के सैफई दौरे और 2027 में चुनाव लड़ने की उनकी तैयारी से जुड़े बयान को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने अपनी संभावित विधानसभा सीट का नाम स्पष्ट नहीं किया है।
👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇
रिपोर्ट : आशुतोष बाजपेई इटावा



