ट्रेन की चपेट में आने से मृत व्यक्ति की हुई शिनाख्त, सर्राफा व्यापारी के पिता थे राजेंद्र उर्फ बंटूले

भरथना। भरथना रेलवे स्टेशन और फाटक संख्या 20-बी के बीच शुक्रवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से हुई व्यक्ति की मौत के मामले में देर शाम मृतक की शिनाख्त हो गई। मृतक की पहचान कस्बा निवासी 58 वर्षीय राजेंद्र उर्फ बंटूले के रूप में हुई है। वह कस्बे के एक सर्राफा व्यापारी के पिता बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, राजेंद्र शुक्रवार सुबह रोजाना की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान परिजनों को भरथना रेलवे स्टेशन और फाटक संख्या 20-बी के बीच एक व्यक्ति के ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की जानकारी मिली।

सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और रेलवे ट्रैक के पास मिले शव को देखकर उसकी पहचान राजेंद्र उर्फ बंटूले के रूप में की। पहचान होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

ट्रेन की चपेट में आने से मृत व्यक्ति की हुई शिनाख्त, सर्राफा व्यापारी के पिता थे राजेंद्र उर्फ बंटूले

बताया गया कि शुक्रवार सुबह करीब 8:20 बजे कानपुर की ओर से टूंडला जा रही 12315 अनन्या एक्सप्रेस भरथना रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय राजेंद्र ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने का प्रयास शुरू किया था। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव की तलाशी लेकर पहचान से संबंधित जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक कोई सफलता नहीं मिली।

परिजनों के अनुसार, राजेंद्र को ब्लड प्रेशर की समस्या थी। वह नियमित रूप से सुबह टहलने के लिए घर से निकलते थे। शुक्रवार को भी वह सुबह टहलने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौट सके।

देर शाम परिजनों द्वारा शव की शिनाख्त किए जाने के बाद जीआरपी ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

 

 

रिपोर्ट : गौरव गुप्ता (डिजिटल) संवाददाता

Related Articles

Back to top button