पीडीए समाज के लोगों के साथ भाजपा सरकार कर रही छल : आदित्य यादव

2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की जरूरत पर दिया जोर, पीडीए के हक और अधिकारों का उठाया मुद्दा

तमकुहीराज (कुशीनगर ) समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व बदायूं के सांसद आदित्य यादव ने पीडीए समाज के लोगों के साथ भाजपा सरकार पर छल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, समान अवसर और संविधान में दिए गए अधिकारों की रक्षा के लिए पीडीए समाज की एकजुटता जरूरी है।

सोमवार को फाजिलनगर विधान सभा क्षेत्र के उजारनाथ में स्व0 रामायण यादव के मूर्ति के अनावरण कार्यकम्र में बतौर मुख्य अतिथि सांसद आदित्य यादव एक जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे । उन्होंने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश में सामाजिक न्याय और समान भागीदारी की राजनीति को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की जिम्मेदारी समाज के सभी वर्गों को समान अवसर उपलब्ध कराना, युवाओं को रोजगार के अवसर देना, किसानों की समस्याओं का समाधान करना और वंचित वर्गों के हितों की रक्षा करना है। पीडीए समाज के लोगों को भी शिक्षा, रोजगार, सम्मान और विकास की मुख्यधारा में बराबरी का अवसर मिलना चाहिए ।

आदित्य यादव ने पीडीए की अवधारणा को सामाजिक भागीदारी से जोड़ते हुए कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के लोगों की आवाज को राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उनका कहना था कि केवल घोषणाओं से समाज के कमजोर वर्गों की समस्याएं दूर नहीं होंगी, बल्कि उनके जीवन में वास्तविक बदलाव लाने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।

उन्होंने युवाओं के भविष्य, किसानों की आर्थिक स्थिति, महंगाई और रोजगार जैसे मुद्दों को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इन सवालों पर गंभीरता से काम किया जाना चाहिए। समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की प्रक्रिया में भागीदारी मिले, तभी समावेशी विकास का उद्देश्य पूरा हो सकेगा। कार्यक्रम को पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह , जिलाध्यक्ष रामअवध यादव , पूर्व मंत्री डॉक्टर पीके राय , बिजेंद्र पाल यादव उर्फ बबलू यादव , इलियास अंसारी , बरिष्ठ सपा नेता चन्द्रजीत यादव , राजेश प्रताप राव उर्फ बंटी राव , ओपी यादव राष्ट्रीय सचिव , पुरन्दर यादव , राजेन्द्र यादव उर्फ मुन्ना यादव आदि ने सम्बोधित किया । संचालन मजीबुल्लाह अंसारी ने किया ।

Related Articles

Back to top button