सेवरही (कुशीनगर)। सेवरही थाना क्षेत्र के राजपुर बगहा गांव में 30 वर्षीय विवाहिता इंदु देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने पति भोला यादव और ससुर गाम्हा यादव को गिरफ्तार किया है। मामले में दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, राजपुर बगहा निवासी इंदु देवी की गुरुवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुक्रवार को परिजन शव का अंतिम संस्कार करने घाट पर पहुंचे थे। इसी दौरान मृतका के मायके पक्ष ने उसके गले पर चोट के निशान होने की सूचना पुलिस को दी और मौत पर संदेह जताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दाह संस्कार रुकवाकर शव को कब्जे में ले लिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। इसके बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट गोपाल जी की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका के पिता केदार पुत्र विक्रम, निवासी रामपुर जमुनिया, थाना बरवापट्टी की सूचना के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। जांच के क्रम में सेवरही थाने में मुकदमा संख्या 271/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 80(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में अभियोग दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले में वांछित मृतका के पति भोला यादव पुत्र गाम्हा यादव और ससुर गाम्हा यादव पुत्र स्वर्गीय उदित यादव, निवासी राजपुर बगहा, थाना सेवरही को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई थानाध्यक्ष मनोज कुमार वर्मा के नेतृत्व में की गई। टीम में पिपराघाट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रूपेंद्र पाल सिंह, हेड कांस्टेबल रमेश चौधरी और कांस्टेबल अजीत यादव शामिल रहे।
फिलहाल विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



