अजीतमल (औरैया)। औरैया जनपद में कुछ दिन पूर्व मुरादगंज में हुए हादसे से दो युवकों की मृत्यु के बाद प्रशासन हरकत में आया। घरेलू गैस सिलिंडरों के व्यावसायिक उपयोग की शिकायतों को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। होटल , स्वीट्स हाउस, ठेलों, खोमचों और विभिन्न प्रतिष्ठानों पर घरेलू गैस सिलिंडर का इस्तेमाल पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर उप जिलाधिकारी अजीतमल के निर्देशन पर पूर्ति निरीक्षक समीर कुमार त्रिवेदी और पूर्ति लिपिक रोहित मौर्य ने अजीतमल क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों की तलाशी ली। इस दौरान घरेलू सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों से करीब दो दर्जन से अधिक गैस सिलेंडरों को जप्त कर गोदाम पर जमा करा लिया गया, घरेलू सिलेंडर को प्रतिष्ठानों पर चलाने बालों को नोटिस दिया जाएगा। संचालकों को घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग न करने की सख्त हिदायत भी दी गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक कार्यों में इस्तेमाल नियमों के विरुद्ध है। ठेलों, खोमचों, दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर घरेलू सिलिंडर का प्रयोग पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
सिलेंडर रिफिलिंग करने वाले दुकानदारों और घरों से रिफिलिंग करके दुकानों पर चलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस सख्ती से व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलिंडरों के इस्तेमाल पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने संचालकों से नियमों का पालन करने और घरेलू गैस सिलिंडरों का दुरुपयोग न करने की अपील की है।
रिपोर्ट : दीपक अवस्थी



