तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पत्नी व बेटी गंभीर

मां व बेटी बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर, कार चालक पुलिस हिरासत में

मथौली बाजार कुशीनगर)। हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर व नरायनपुर  के बीच मंगलवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार लगभग 50 वर्षीय शिवकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।जबकि उनकी पत्नी नीरा देवी उम्र 45 और बेटी लक्ष्मी 18 गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार गोरखपुर जिले के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के डुमरी खास सोनबरसा निवासी शिवकुमार मद्धेशिया अपनी पत्नी और बेटी के साथ रामकोला धाम मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद वापस अपने बाइक नंबर यूपी 53 R 8310 से घर लौट रहे थे। मंगलवार को लक्ष्मीपुर-नरायनपुर गांव के बीच सामने से हाटा  की ओर से आ रही एक बलेनो कार ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मथौली पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल नीरा देवी और लक्ष्मी को प्राथमिक उपचार के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर कप्तानगंज थाने की मथौली चौकी के प्रभारी अंकित कुमार सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार और उसके चालक को कब्जे में ले लिया। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में कप्तानगंज थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button