प्रेम प्रसंग में युवती की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, घटनास्थल पर पहुंचे एसपी केशव कुमार

हाटा(कुशीनगर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के गांव बेलवा में बीती रात एक युवती की धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती की हत्या का आरोप निकटवर्ती गांव झांगाबाजार निवासी एक युवक पर लगा है। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासिनी रोशनी पुत्री आलम अंसारी के घर में बीती रात झांगा बाजार निवासी सुरजीत पुत्र चन्द्रदेव कथित रूप से घर में घुस गया। आरोप है कि युवक अपने साथ लाए धारदार हथियार से रोशनी पर हमला करने लगा। इस दौरान युवती ने अपनी जान बचाने के लिए विरोध किया और आरोपी के साथ हाथापाई भी हुई। इसके बावजूद आरोपी ने उस पर हमला जारी रखा। बताया जाता है कि घटना के दौरान उसने घर का फाटक अंदर से बंद कर लिया था। हमले में रोशनी गंभीर रूप से घायल हो गई और घटना के बाद आरोपी कमरे में ही बैठा रहा। युवती के परिजनों की चीख-पुकार और शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घर का फाटक तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी तथा पुलिस को सूचना देकर उसे सुपुर्द कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती तथा आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने रोशनी को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों की पिटाई से घायल आरोपी का भी उपचार कराया गया।

मृतका की मां ने आरोप लगाया कि युवक रोशनी पर शादी करने के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन युवती इसके लिए तैयार नहीं थी। परिजनों के मुताबिक, आरोपी बार-बार धमकी देता था कि यदि रोशनी उसकी नहीं हुई तो वह उसे किसी और का भी नहीं होने देगा। आरोप है कि इसी रंजिश और शादी से इनकार किए जाने के कारण युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली और मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।

पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों, घटनाक्रम और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Related Articles

Back to top button