गन्ना मूल्य बढ़ाने और बकाया भुगतान की मांग को लेकर सपाइयों ने कलेक्ट्रेट पर दिया धरना

कुशीनगर। गन्ना मूल्य बढ़ाने, किसानों के बकाया भुगतान और बंद चीनी मिलों को चालू कराने की मांग को लेकर सोमवार को समाजवादी पार्टी ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता राधेश्याम सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस धरना के बाद अपर जिलाधिकारी पवन कुमार को राज्यपाल को संबोधित मांगपत्र सौंपा गया।

धरना के दौरान हुई सभा में सपा के नेताओं ने किसानों की आय दोगुनी करने के वादे को पूरा करने की मांग उठाते हुए भाजपा सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाया। पूर्व राज्यमंत्री श्री सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ , तो पार्टी आगे बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने गन्ना मूल्य बढ़ाने, बकाया भुगतान कराने और जिले की बंद पड़ी चीनी मिलों को चालू कराने की मांग की। सभा में पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं कौरव विधान परिषद रामअवध यादव ने भी संबोधित किया । धरना के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं एवं इसमें शरीक रहे किसानों ने जमकर नारेबाजी की और समस्याओं के समाधान तक संघर्ष जारी रखने के संकल्प का इजहार किया ।

मिथिलेश्वर

Related Articles

Back to top button