यूपी पुलिस के 23 कर्मियों के परिजनों को 38.05 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, डीजीपी राजीव कृष्ण ने वितरित किए चेक

21 मृत पुलिसकर्मियों के परिजनों और 2 दिव्यांग पुलिसकर्मियों को मिला लाभ, बैंक ऑफ बड़ौदा की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत दी गई सहायता

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपने दिवंगत और दिव्यांग कर्मियों के परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने 16 अक्टूबर 2026 को 21 मृत पुलिसकर्मियों के परिजनों और 2 दिव्यांग पुलिसकर्मियों सहित कुल 23 लाभार्थियों को 38 करोड़ 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए।

यह सहायता बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के अंतर्गत संचालित पुलिस सैलरी पैकेज (PSP) योजना के तहत प्रदान की गई।

परिजनों से मिले डीजीपी, समस्याओं की ली जानकारी

चेक वितरण कार्यक्रम के दौरान डीजीपी राजीव कृष्ण ने दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों की समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही दिव्यांग पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों से भी बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना।

डीजीपी ने परिवारों को आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग उनकी सहायता के लिए हर संभव प्रयास करेगा।

पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध विभाग

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस अपने कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। कठिन परिस्थितियों में विभाग अपने कर्मियों और उनके परिवारों के साथ संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ खड़ा रहेगा।

ये अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस महानिदेशक के जीएसओ के.एस. इमैन्युअल, पुलिस उपमहानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय (PHQ) मोहम्मद इमरान तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक शैलेन्द्र कुमार सिंह और शाखा प्रबंधक शशिकान्त सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button