मतदाता सूची में नाम जोड़ने व संशोधन के लिए 17 और 24 अक्टूबर को चलेगा विशेष अभियान

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

हाटा(कुशीनगर)। स्थानीय तहसील के सभागार में आज उपजिलाधिकारी/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की गयी । बैठक में मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपजिलाधिकारी/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी ने बताया कि मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने,दर्ज विवरण में त्रुटियों को सुधारने तथा अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान सभी बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। इस दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक कार्य करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दौरान नए मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 तथा मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने पात्र नागरिकों से अभियान का लाभ उठाने और मतदाता सूची में अपना नाम व विवरण जांचने की अपील की। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों के बूथों का निरीक्षण करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी बूथ का भवन जर्जर है अथवा मतदाताओं को वहां पहुंचने या मतदान संबंधी कार्यों में असुविधा होती है, तो इसकी जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके। बैठक में तहसीलदार जया सिंह, नायब तहसीलदार जितेन्द्र कुमार पांडेय,भाजपा से बब्लू जायसवाल,सपा से रामपरसन सिंह,बसपा से श्रीराम कुमार, कांग्रेस से अरशद खान, आर्यावर्त पार्टी से दयानंद यादव सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button