बच्चों ने अपशिष्ट पदार्थों से बनाए वैज्ञानिक उपकरण, प्रतिभा और रचनात्मकता को मिली सराहना

 

कप्तानगंज (कुशीनगर)।नगर में स्थित पीजी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में शिक्षक अभिभावक बैठक के साथ कला, वाणिज्य एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों को अपने पाल्यों की शैक्षिक प्रगति जानने का अवसर मिला। वहीं विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और नवाचार का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
कप्तानगंज के पीजी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपशिष्ट पदार्थों का रचनात्मक उपयोग करते हुए विभिन्न वैज्ञानिक उपकरणों एवं मॉडलों का निर्माण किया। बच्चो ने तैयार किए गए मॉडलों की विशेषताओं, उपयोगिता और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों की प्रतिभा, लगन, उत्साह और हस्तकौशल देखकर अभिभावक अभिभूत नजर आए। प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश भी दिया कि अनुपयोगी समझी जाने वाली वस्तुओं का सही उपयोग करके उपयोगी और ज्ञानवर्धक उपकरण तैयार किए जा सकते हैं।
शिक्षक अभिभावक बैठक के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों से विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति पर चर्चा की। इस अवसर पर अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई, प्रतिभा और सर्वांगीण विकास के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को देखकर अभिभावकों ने उनकी खूब सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
संस्था के चेयरमैन सुरेन्द्र प्रताप सिंह, प्रधानाचार्या डॉ. संगीता सिंह ने विद्यार्थियों के प्रयासों, आत्मविश्वास और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, व्यावहारिक ज्ञान और आत्मविश्वास का विकास होता है। साथ ही, विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलता है।
कार्यक्रम के अंत में उप प्रधानाचार्य डॉ सुनील पाण्डेय ने सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों, अभिभावकों और सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बृजेश पांडेय रितेश सिंह रत्नेश त्रिपाठी राकेश कुमार संजय गुप्ता अनूप पांडेय जय गोविंद सिंह दिलीप यादव अनुराधा राय विभा गुप्ता मेराज अहमद अखिलेश तिवारी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button