हाटा(कुशीनगर)| स्थानीय नगर पालिका परिषद के वार्ड नम्बर 11 पटनी निवासी श्रीनाथ माली की 65 वर्षीय पत्नी गुड्डी देवी का नाली निर्माण के दौरान मकान गिरने से उसमें दबकर गम्भीर रुप से घायल हो गयी तथा गोरखपुर में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान बीती रात मौत हो गयी।
मिली जानकारी के अनुसार उक्त वार्ड में नगर पालिका द्वारा नाली निर्माण कार्य कराया जा रहा है। खुदाई के दौरान मकान के नींव में पानी भर जाने से कल दिन में दिवाल सहित पूरा मकान भरभरा कर गिर गया। जिसके नीचे उक्त महिला दबकर गम्भीर रुप से घायल हो गयी। स्थानीय लोगों की मदद से उक्त महिला को बाहर निकाला गया और गम्भीर हालत में सीएचसी हाटा पहुचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गम्भीर देख चिकित्सकों ने गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। बाद में मृतका के परिजनों ने गोरखपुर में ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान बीती रात उसकी मौत हो गयी। वार्ड के निवासियों ने बताया कि उक्त मकान बहुत ही पुरानी रही तथा उसकी चुनाई मिट्टी के गारे से की गयी थी। नाली निर्माण के लिए जेसीबी मशीन से खुदाई का कार्य चल रहा था। खुदाई गहरी होने के कारण उसमें पानी भर गया। जिसके कारण चुनाई वाली मिट्टी गल गयी और मकान भरभरा कर गिर गया जिससे यह दुर्घटना हुई। घटना की जानकारी होने पर हाटा विधायक मोहन वर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया तथा तहसीलदार जया सिंह भी राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर गिरे हुए मकान का नक्शा नजरी बना कर कार्यवाही में लग गयी।



