
नोएडा। नोएडा सेक्टर 22 आर डब्लू ए संरक्षक, ब्राह्मण रक्षा दल के अध्यक्ष एवं समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव पंडित रवि शर्मा ने दावा किया है कि अब देश की जनता का भरोसा भारतीय जनता पार्टी से उठ गया है। 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब समाजवादी पार्टी की सरकार का बनना तय है। उन्होंने कहा कि 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार कर रहे थे उस समय उन्होंने कहा था ना खाऊंगा- ना खाने दूंगा और अच्छे दिन आने वाले हैं। लेकिन तभी से देशवासियों के बुरे दिन शुरू हो। गए महंगाई और बेरोजगारी लगातार आसमान की तरफ बढ़ती गई। जनता में सरकार के प्रति आक्रोश के बावजूद भी जब हर राज्य में बीजेपी की सरकार बनने लगी तभी लोगों को शक था लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कारगुजारियों का जो काला चिट्ठा खुला है उसने पूरे देशवासियों को हिला कर रख दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ही नहीं जो अधिकारी जहां कुर्सी पर बैठा है वहां उसकी तानाशाही चल रही है। जनता की, जनप्रतिनिधियों की कहीं कोई सुनवाई नहीं है। देश में आम जनता के जेब पर बढ़ता बोझ और महंगाई की वजह है आए दिन पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और सीएनजी की कीमतों का बढ़ना। लोग कर्ज के बोझ तले लगातार दबे जा रहे हैं। लोन पर लोन और ईएमआई के चक्कर में उनकी जिंदगी घनचक्कर बनकर रह गई है। देश में, प्रदेश में, जगह-जगह हो रहे धरना प्रदर्शन ने साफ संकेत दे दिया है कि जनता अब मौजूदा सरकार से खुश नहीं है और अब आने वाले समय में इन्हें दोबारा मौका देना अपने बच्चों को मौत देने के जैसा होगा। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में एक बार फिर समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है और इसके रुझान अभी से मिलने शुरू हो गए हैं। बड़े-बड़े दिग्गज नेता समाजवादी पार्टी की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं क्योंकि जो सम्मान जनता को समाजवादी पार्टी सरकार में मिला है वह सम्मान भाजपा सरकार में एक मंत्री को भी नहीं मिल पाया है।



