शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से 26 वर्षीय आजम मंसूरी की मौत

भरथना, इटावा। भरथना रेलवे फाटक 20बी के पास बुधवार शाम शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना से रेलवे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान आजम मंसूरी पुत्र फिरोज निवासी घसिया, चिलौली, थाना कोतवाली कायमगंज, जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजम मंसूरी रामलीला देखने जा रहा था। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय वह ट्रेन संख्या 12003 शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। हादसा शाम करीब 6 बजकर 21 मिनट पर रेलवे की अप लाइन पर पोल संख्या 1136/13 के पास हुआ। ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की असमय मौत से परिजनों में शोक व्याप्त है।

रेलवे ट्रैक पार करते समय बरतें सावधानी

रेलवे ट्रैक पार करते समय थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। रेलवे प्रशासन और पुलिस लगातार लोगों से रेलवे नियमों का पालन करने तथा ट्रेन के आवागमन के दौरान ट्रैक पार न करने की अपील करते हैं।

Related Articles

Back to top button