
खड्डा/कुशीनगर। विद्या भारती एवं जनशिक्षा समिति से संबद्ध पडरौना बाल शिक्षा समिति के तत्वावधान में स्वामी विवेकानन्द इंटरमीडिएट कॉलेज, खड्डा में जनपदीय विज्ञान प्रश्न मंच, गणित मेला एवं संस्कृति महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान, गणित और भारतीय संस्कृति के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खड्डा विधायक विवेकानन्द पाण्डेय रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक दीपलाल भारती, पूर्व चेयरमैन एवं भाजपा नेता डॉ. निलेश मिश्र, चेयरमैन प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा, प्रदेश निरीक्षक जियालाल, पडरौना बाल शिक्षा समिति के मंत्री सेतबान सिंह तथा कोषाध्यक्ष नत्थू शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष दीनानाथ जायसवाल ने की। वक्ताओं ने कहा कि विज्ञान और गणित विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित करने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक की भूमिका शिक्षक रितेश पाण्डेय एवं अरविन्द गुप्ता ने निभाई। प्रधानाचार्य मनोज सिंह ने अतिथियों, समिति के पदाधिकारियों, आचार्य बंधु-भगिनियों, प्रतिभागी विद्यार्थियों तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।



