
फाजिलनगर (कुशीनगर) स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की पहल शुरू कर दी है। शनिवार को सुबह साढ़े दस बजे विकास खंड के बीआरसी पर खंड शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चौहान की अध्यक्षता में क्षेत्र के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक हुई। इसमें विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति के गठन की जानकारी देते हुए बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा, फिटनेस और संचालन पर निगरानी रखने की व्यवस्था बताई गई।
बैठक में बीईओ अमित कुमार चौहान ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में जिन विद्यालयों में बच्चों के आवागमन के लिए वाहन संचालित होते हैं, वहां विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति का गठन किया जाना है। समिति में तहसीलदार, संबंधित थाने के थाना प्रभारी, खंड शिक्षा अधिकारी और विद्यालय के प्रधानाचार्य शामिल रहेंगे।समिति का उद्देश्य विद्यालयों में संचालित वाहनों की स्थिति पर नजर रखना और उनके सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करना है। वाहनों की फिटनेस सहित सुरक्षा से जुड़े जरूरी पहलुओं की निगरानी के माध्यम से बच्चों के आवागमन को सुरक्षित बनाने पर जोर दिया गया।बैठक में विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को समिति के गठन की व्यवस्था से अवगत कराया गया। बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस विषय पर विद्यालय स्तर पर जिम्मेदारी निभाने और परिवहन व्यवस्था पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत बताई गई।इस दौरान मनोज सिंह, द्विजेश कुमार तिवारी, अच्छेलाल, सुधाकर मणि त्रिपाठी, अमरेश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



