चक्रवाती बारिश और हवा से जन जीवन ठप

खेतों में गिरी धान और गन्ने की फसल को लेकर चिंतित किसान, रास्तों पर बढ़ी फिसलन

कसया, कुशीनगर। अर्णव चक्रवात की वजह से हो रही बारिश और तेज हवाओं के चलते जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। खेतों में धान की पकी फसलें और गन्ना गिर जाने से किसान चिंतित हो गए हैं तो कच्चे और पक्के रास्ते कीचड़ पानी से सराबोर हो गए हैं।
मौसम विज्ञानियों के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने चक्रवाती तूफान अर्णव को लेकर चेतावनी सूचना जारी की थी और किसानों को अपनी धान की फसलों की समय से कटाई कर घर में रख लेने की सलाह दी थी। किसान भी अपने धान की फसल कंबाइन मशीन से कटाई और थ्रेसर मशीन के जरिए मड़ाई में लगे थे। बीते गुरुवार को मौसम में काफी बदलाव हुआ और बूंदाबांदी के साथ पारा लुढ़कने से ठंड भी बढ़ गई। पूरी रात और शुक्रवार को बारिश होती रही। साथ ही तेज हवा चलने से खेतों में खड़ी धान की फसल और गन्ने की फसल गिर गई है। कसया तहसील क्षेत्र के बनवारी टोला, डुमरी, सिसवा महंथ, चकदेइया, मल्लुडीह, साखोपार,बाडीपुल, टेकुआटार, सपहा, मथौली, भरौली, हेतिमपुर, पकवाइनार सहित सैकड़ों गांवों में फसलें गिर गई हैं। किसान गोबर्द्धन प्रसाद गोंड, गोरख सिंह, रमेश सिंह, जगत नारायण सिंह, मुक्ति नाथ पांडेय, नर्वदेश्वर राय, विनोद सिंह, रामायण निषाद, वीरेंद्र यादव सहित किसानों ने धान की फसलों को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि रवि की फसलों की बुआई में देर होगी। बारिश से कसया नगर, पडरौना मार्ग, सपहा मार्ग, रामकोला मार्ग, देवरिया मार्ग, नेशनल हाईवे सहित बाईपास और ग्रामीण रास्तों पर पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में दिक्कते बढ़ गई हैं। बारिश की वजह से दिक्कतें बढ़ गई हैं।

Related Articles

Back to top button