
रामकोला, कुशीनगर। ससुराल का दरवाजा बंद और गोद में मासूम बच्चा लेकर एक विवाहिता बारिश व ठंड के बीच न्याय की आस में घर के बाहर बैठी है। नगर पंचायत रामकोला के वार्ड नंबर पांच चित्रगुप्त नगर (धुआटीकर) में शुक्रवार को विवाहिता की यह स्थिति देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। महिला का आरोप है कि पति समेत ससुराल पक्ष के लोग घर में ताला लगाकर चले गए हैं, जिससे वह बच्चे के साथ खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।
मिली जानकारी के अनुसार, लाडली जायसवाल पत्नी प्रेम जायसवाल अपने छोटे बच्चे के साथ ससुराल पहुंची थी। महिला का आरोप है कि उसके पहुंचने के बाद पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य घर में ताला लगाकर वहां से चले गए। इसके बाद महिला अपने बच्चे के साथ घर के दरवाजे पर बैठ गई और मामले में न्याय की मांग करने लगी। महिला का कहना है कि घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन को दी जा चुकी है। इसके बावजूद उसे और उसके बच्चे को घर में रहने तथा सुरक्षा को लेकर अब तक समुचित सहायता नहीं मिल सकी है। बारिश और ठंड के बीच बच्चे के साथ खुले में बैठी महिला की स्थिति को देखते हुए लोगों ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। इस संबंध में उपनिरीक्षक अजय पाल ने बताया कि धरने पर बैठी महिला से बातचीत की जा रही है। उसकी देखरेख पुलिस द्वारा की जा रही है।



