
लखनऊ: बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयानों को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान के बाद अब भगवान श्रीराम को लेकर उनका एक और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इस वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री भगवान राम के पांच पिता होने की बात कहते नजर आ रहे हैं। इसको लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर उन पर निशाना साधा है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर धीरेंद्र शास्त्री का वीडियो साझा करते हुए उनके बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने इसे सनातन विरोधी बताते हुए सवाल उठाया कि आखिर वह किसके कहने पर इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने की सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग
सपा प्रमुख ने अपनी पोस्ट में लिखा, “ये सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय है। पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया, अब भगवान राम के पिता के बारे में अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है। इसके राजनीतिक आकाओं को ये सब मंजूर होगा, हमें अंश मात्र भी स्वीकार्य नहीं है।”
उन्होंने आगे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए धीरेंद्र शास्त्री के सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग की। अखिलेश ने कहा कि अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे।
श्रीकृष्ण पर बयान को लेकर भी हुआ था विवाद
इससे पहले भगवान श्रीकृष्ण को लेकर धीरेंद्र शास्त्री के कथित बयान पर भी विवाद हुआ था। अखिलेश यादव ने तब भी नाराजगी जताते हुए उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रमों के बहिष्कार की अपील की थी।
इस तरह धीरेंद्र शास्त्री के बयानों को लेकर अखिलेश यादव और सपा के अन्य नेताओं की आपत्तियों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।



