सऊदी अरब में होने वाला एशियन कप स्थगित, जानें क्यों

AFC Asian Cup 2027 Postponed: सऊदी अरब में होने वाले एएफसी एशियन कप 2027 को स्थगित कर दिया गया है। क्षेत्र में बिगड़ते सुरक्षा हालात और यात्रा संबंधी परेशानियों को देखते हुए एशियन फुटबॉल कन्फेडरेशन (AFC) ने टूर्नामेंट की तारीखों में बदलाव करने का फैसला लिया है। पहले यह टूर्नामेंट 7 जनवरी से 5 फरवरी 2027 तक खेला जाना था, लेकिन अब इसे दिसंबर 2027 में आयोजित किया जाएगा।

अब कब होगा AFC Asian Cup 2027?

एएफसी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, एशियन कप 2027 का आयोजन अब 23 दिसंबर 2027 से 21 जनवरी 2028 तक किया जाएगा। इससे पहले टूर्नामेंट की शुरुआत 7 जनवरी 2027 को होनी थी और इसका फाइनल 5 फरवरी को खेला जाना था। नई तारीखों के तहत टूर्नामेंट का आयोजन निर्धारित समय से लगभग एक साल बाद होगा।

एशियन फुटबॉल कन्फेडरेशन ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि क्षेत्र में मौजूदा परिस्थितियों और यात्रा में आ रही चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। हालांकि, टूर्नामेंट की नई तारीखों को अंतिम मंजूरी के लिए फीफा के पास भेजा जाएगा।

सुरक्षा हालात बने टूर्नामेंट स्थगित होने की वजह

दरअसल, सऊदी अरब और आसपास के क्षेत्रों में हाल के दिनों में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। क्षेत्र में हुए हमलों और तनावपूर्ण हालात का असर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों पर भी पड़ने की आशंका है। रिपोर्ट के मुताबिक, हूती विद्रोहियों की ओर से रियाद एयरपोर्ट पर किए गए हमले में 13 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए थे।

इस घटना के बाद सऊदी अरब में सुरक्षा व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय यात्राओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में खिलाड़ियों, अधिकारियों और दुनियाभर से आने वाले दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टूर्नामेंट की तारीखें बदलने का फैसला किया गया है।

पहली बार सऊदी अरब करेगा एशियन कप की मेजबानी

गौरतलब है कि AFC Asian Cup 2027 की मेजबानी सऊदी अरब को सौंपी गई है। यह पहला मौका होगा जब सऊदी अरब इस प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। एशियन कप एशिया की राष्ट्रीय फुटबॉल टीमों के बीच होने वाली सबसे बड़ी प्रतियोगिताओं में से एक है। टूर्नामेंट में एशिया की शीर्ष टीमें खिताब के लिए मुकाबला करती हैं।

Related Articles

Back to top button